भूकंप: दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत कांपी, जानिए क्यों?
दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में भूकंप के झटके: जानिए क्या है वजह?
शुक्रवार रात 9:42 बजे दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई. दिल्ली-NCR, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों के साथ-साथ पाकिस्तान के भी कई हिस्सों में धरती हिली. अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान बॉर्डर क्षेत्र में आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.9 मापी गई.

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, पुंछ और कश्मीर घाटी के कई इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए. ये झटके कुछ सेकंड तक ही रहे, लेकिन इनकी तीव्रता इतनी अधिक थी कि लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए. कई ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों ने झटकों को साफ महसूस किया और सुरक्षित स्थानों की ओर भागे. गनीमत रही कि फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जानमाल के हताहत होने की कोई खबर नहीं है.
भूकंप का केंद्र और तीव्रता
वरिष्ठ भूकंपविज्ञानी डॉ. अजय पॉल के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र हिंदू कुश श्रृंखला था. उन्होंने बताया कि हिंदू कुश की पहाड़ियों पर अक्सर भूकंप आते रहते हैं और ये काफी गहरे होते हैं. इनकी तरंगें एपिसेंटर पर कम प्रभाव डालती हैं, जबकि मैदानी इलाकों में ज्यादा प्रभाव छोड़ती हैं.
भूकंप क्यों आते हैं?
धरती के अंदर सात टेक्टोनिक प्लेट्स लगातार घूमती रहती हैं. जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं, रगड़ती हैं, एक-दूसरे के ऊपर चढ़ती हैं या उनसे दूर जाती हैं, तब जमीन हिलने लगती है. इसी प्रक्रिया को भूकंप कहते हैं. भूकंप की तीव्रता को मापने के लिए रिक्टर पैमाने (Magnitude Scale) का इस्तेमाल किया जाता है, जो 1 से 9 तक होता है.
रिक्टर पैमाने पर 7 की तीव्रता वाले भूकंप का मतलब है कि उसके केंद्र (Epicenter) से लगभग 40 किलोमीटर के दायरे में तेज झटका महसूस किया जाएगा. भूकंप की ऊर्जा उसके केंद्र से निकलने वाली तरंगों से मापी जाती है.
भूकंप के दौरान बचाव के उपाय
भूकंप के झटके महसूस होने पर घबराना नहीं चाहिए. यदि आप घर के अंदर हैं, तो किसी मजबूत मेज या फर्नीचर के नीचे छिप जाएं. खिड़कियों, शीशों, दरवाजों के फ्रेम और दीवारों से दूर रहें. यदि आप बाहर हैं, तो इमारतों, पेड़ों, बिजली के खंभों और स्ट्रीट लाइटों से दूर किसी खुली जगह पर चले जाएं.
यह भी पढ़ें: उत्तर भारत में हिली धरती... भूकंप आने पर ऐसे करें बचाव, ध्यान रखें ये जरूरी बातें
सोशल मीडिया पर लोगों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें अचानक पंखे और फर्नीचर हिलते हुए महसूस हुए. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें. प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
यह भी पढ़ें: Railway Recruitment 2026: 6565 पदों पर बंपर भर्ती, NITCON और IRFC में भी मौके
Comments
Post a Comment